Kapali House Collapse: बारिश में कच्चा मकान गिरा, तीन महिलाएं घायल; दो बच्चे सुरक्षित
चांडिल: Kapali House Collapse में सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 स्थित मिल्लत नगर में शुक्रवार को तेज बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक गिर गया। हादसे में घर में मौजूद तीन महिलाएं घायल हो गईं, जबकि दो बच्चे बाल-बाल बच गए।
बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं। अचानक मकान भरभराकर गिर पड़ा। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
मलबे से तीन महिलाओं को निकाला गया

हादसे में करीब 62 वर्षीय हसीना बानो, उनकी बेटी करीब 45 वर्षीय नाजनीन बानो और करीब 25 वर्षीय नतनी मुस्कान घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तीनों को इलाज के लिए रामू चौक के पास स्थित टीएनबी नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के समय घर में दो बच्चे भी मौजूद थे। स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घायलों के इलाज की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद से ऐसे मकानों का सर्वे कराने और जरूरतमंद परिवारों को राहत देने की मांग की है।
स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और दोनों बच्चों की जान बच गई।