Bokaro Underground Gas Fire: जमीन के अंदर से निकली आग, बारिश के पानी में भी उठे बुलबुले
बोकारो: Bokaro Underground Gas Fire का मामला गोमिया प्रखंड के बांध पंचायत स्थित पलानी झिरकी हरिजन टोला के पास सामने आया है। खुले मैदान में जमीन के नीचे से गैस निकलने के साथ आग की लपटें दिखाई दे रही हैं। बारिश के पानी में भी लगातार बुलबुले उठते और पानी गर्म होता नजर आया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जमीन के अंदर से अचानक गैस निकलने लगी और उसके संपर्क में आने से आग की लपटें उठने लगीं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है।
सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि, जमीन के अंदर से आग निकलने का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
जमीन के नीचे गैस होने की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी जमीन के अंदर से गैस निकलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लतकुट्टा, स्वांग हजारी और खुदगड़ा जैसे इलाकों में चापाकल या बोरिंग के दौरान गैस निकलने और आग लगने के मामले सामने आए हैं।
गोमिया और आसपास के इलाके में CCL की खदानें हैं। इसके अलावा क्षेत्र में ONGC की गतिविधियां भी हैं। ऐसे में स्थानीय लोग जमीन के नीचे गैस होने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, गैस किस प्रकार की है और आग लगने की असली वजह क्या है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मौके की वैज्ञानिक जांच कराने और इलाके को सुरक्षित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर गैस का रिसाव जारी है तो इससे बड़ा हादसा हो सकता है।