जेपीएससी परीक्षा घोटाला: सीआईडी ने तीन और आरोपियों को किया गिरफ्तार, अब तक 14 गिरफ्तार

जेपीएससी परीक्षा घोटाला मामले में सीआईडी जांच

रांची: झारखंड में 14वीं झारखंड पब्लिक सर्विस कमिशन (जेपीएससी) परीक्षा घोटाला मामले में सीआईडी की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में जांच एजेंसी ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ़्तारी के बाद अब तक गिरफ्तार लोगों की संख्या 14 हो गयी है। सीआईडी थाना में दर्ज कांड संख्या-16/26 मामले में अबतक 11 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। नए तीन आरोपियों 1) उमेश कुमार (2) बुद्धेश्वर भगत (3) रमेश कुमार की गिरफ़्तारी रांची से हुई है।

जांच में लगातार हो रहे नए खुलासे

जेपीएससी परीक्षा घोटाले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। पूर्व में कोचिंग संचालक आदित्य पांडेय को धनबाद और लालू यादव को हज़ारीबाग़ से गिरफ्तार किया गया था। साथ ही टीडीपीएल के निदेशक रामवीर सिंह, मार्केटिंग देखने वाले अभय तिवारी और जेपीएससी के प्रोग्रामर उस्मान से छापेमारी के दौरान बरामद ब्लैंक चेक, जमीन के कागजात, अभ्यर्थियों के दस्तावेजों समेत एडमिट कार्ड और OMR शीट की कार्बन कॉपी के संबंध में सीआईडी की टीम द्वारा पूछताछ की गई है। फिलहाल इस मामले में सीआईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

रिश्वत और नेटवर्क की जांच में जुटी सीआईडी

सीआईडी की टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किस प्रकार से और किसके माध्यम से इन लोगों ने अभ्यर्थियों से संपर्क किया और क्या ब्लैंक चेक एवं जमीन के कागजात के माध्यम से नौकरी मिलने के बाद रिश्वत की रकम का भुगतान होना था। फिलहाल सीआईडी की टीम के रडार पर कई लोग हैं और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के बाद मामले में कई अन्य सुराग मिल सकते हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share:

CROW News