JPSC-JSSC Protest: परीक्षा घोटालों और अनियमितताओं पर विधानसभा परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ लगाए नारे

JPSC-JSSC परीक्षा अनियमितताओं को लेकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन करते NDA विधायक

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में हुए घोटालों (Scam) और अनियमितताओं(Irregularity) के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का धरना लगातार जारी है। सरकार के विरुद्ध छात्रों के इसी आंदोलन के समर्थन में झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के विधायकों ने सदन के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

पोस्टर और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

विपक्षी विधायक हाथों में पोस्टर, बैनर और कथित “रेट चार्ट” लेकर विधानसभा परिसर पहुंचे तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान विधायकों ने आरोप लगाया कि राज्य में भर्ती परीक्षाओं में हुई धांधली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं और लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा हुआ है।

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान विपक्षी विधायकों ने “हेमंत सरकार होश में आओ”, “छात्रों की सीट बेचना बंद करो”, “नौकरी बेचना बंद करो” और “भ्रष्ट अधिकारियों को जेल भेजो” जैसे नारे लगाए। उन्होंने सरकार से JPSC और JSSC से जुड़े सभी विवादों की जांच सीआईडी से कराने, सभी दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा योग्य अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।

छात्रों की मांगों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप

NDA विधायकों का कहना है कि राज्य के लाखों छात्र लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं और हजारों छात्र धरने पर बैठे हैं, लेकिन झारखंड सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय मामले को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Share:

CROW News