Sidhgora Kalash Yatra: तीसरी सोमवारी पर भव्य कलश यात्रा, रघुवर दास भी हुए शामिल
जमशेदपुर: Sidgora Kalash Yatra के अवसर पर सावन की तीसरी सोमवारी के दिन सिदगोड़ा सूर्य मंदिर की ओर से सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बारिडीह स्थित हरि मंदिर मैदान से शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शिवभक्त शामिल हुए। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की विधायिका पूर्णिमा साहू समेत सूर्य मंदिर समिति के पदाधिकारी भी कलश यात्रा में शामिल हुए और शिवभक्तों के साथ पैदल चलकर सूर्य मंदिर पहुंचे।
कलश यात्रा के दौरान पूरा इलाका भगवान भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। यात्रा में भगवान भोलेनाथ की आकर्षक झांकी भी शामिल रही। हाथों में कलश और जल लेकर श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ पैदल सूर्य मंदिर पहुंचे, जहां स्थित शिवालय में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया।
रघुवर दास और पूर्णिमा साहू भी कलश यात्रा में शामिल
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी शिवभक्तों के साथ कलश यात्रा में हिस्सा लिया और सूर्य मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सावन की तीसरी सोमवारी पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं।
रघुवर दास ने भगवान भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होने तथा घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने झारखंड के विकास और राज्यवासियों की खुशहाली की भी कामना की।
कलश यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया। श्रद्धालु लगातार हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए भक्तिमय माहौल बनाए रहे।