जमशेदपुर के RAMADA Hotel में ‘UMAMI’ रूफटॉप रेस्टोरेंट कल से शुरू, पार्किंग व्यवस्था पर भी उठे सवाल

जमशेदपुर के RAMADA Hotel में UMAMI रूफटॉप रेस्टोरेंट की जानकारी देते महाप्रबंधक

जमशेदपुर: RAMADA Hotel में ‘UMAMI’ रूफटॉप रेस्टोरेंट शनिवार से आम लोगों के लिए शुरू किया जाएगा। बिष्टुपुर स्थित होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में होटल के महाप्रबंधक मनीष दत्त ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नौवें तल्ले पर बने इस रूफटॉप रेस्टोरेंट में भारतीय, एशियाई और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय व्यंजन उपलब्ध होंगे। साथ ही यहां से शहर के खूबसूरत नजारों का आनंद भी लिया जा सकेगा।

📌 मुख्य बातें

  • RAMADA Hotel में ‘UMAMI’ रूफटॉप रेस्टोरेंट का उद्घाटन।
  • नौवें तल्ले पर लगभग 200 लोगों के बैठने की व्यवस्था।
  • भारतीय, एशियाई और अंतरराष्ट्रीय व्यंजन होंगे उपलब्ध।
  • बार और अलग लिफ्ट की भी सुविधा।
  • पार्किंग व्यवस्था को लेकर प्रेस वार्ता में उठे सवाल।

नौवें तल्ले पर तैयार हुआ नया रूफटॉप रेस्टोरेंट

होटल के महाप्रबंधक मनीष दत्त ने बताया कि ‘उमामी’ रूफटॉप रेस्टोरेंट में भारतीय, एशियाई और अन्य अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों के साथ बार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। लगभग 200 लोगों के बैठने की क्षमता वाले इस रेस्टोरेंट तक पहुंचने के लिए भूतल से सीधे नौवें तल्ले तक जाने वाली अलग लिफ्ट की व्यवस्था की गई है।

पार्किंग व्यवस्था पर पूछे गए सवाल

प्रेस वार्ता के दौरान होटल की पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए। शहर के कई बड़े होटलों और बैंक्वेट हॉल के बाहर ग्राहकों के वाहनों के मुख्य सड़क पर खड़े होने की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं, जिससे यातायात प्रभावित होने की बात कही जाती है।

इसी विषय पर जब होटल के महाप्रबंधक से सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि पार्किंग व्यवस्था को लेकर संबंधित सरकारी विभागों के साथ बातचीत जारी है।

मौके पर सड़क किनारे खड़े दिखे वाहन

CROW News की टीम ने होटल परिसर के बाहर का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य सड़क के किनारे कई वाहन खड़े दिखाई दिए, जिसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया।

आवश्यक स्वीकृतियों को लेकर भी उठे सवाल

पार्किंग व्यवस्था को लेकर चर्चा के बीच यह सवाल भी उठाया गया कि यदि संबंधित विभागों के साथ प्रक्रिया अभी जारी है, तो नए रूफटॉप रेस्टोरेंट का संचालन किस व्यवस्था के तहत शुरू किया जा रहा है। साथ ही नौवें तल्ले पर संचालित होने वाले इस रूफटॉप रेस्टोरेंट के लिए संबंधित विभागों से आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त की गई हैं या नहीं। इस संबंध में होटल प्रबंधन और संबंधित सरकारी विभागों का विस्तृत पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

Share:

CROW News