Kadma Development Works: नील सरोवर की सफाई से स्ट्रीट लाइट मरम्मत तक होंगे कई काम
जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के आग्रह पर सोमवार को टाटा स्टील यूआईएसएल और जनता दल (यूनाइटेड) की संयुक्त टीम ने कदमा क्षेत्र का दौरा किया। टीम ने उलीयान, भाटिया बस्ती, रामनगर चौक, भाटिया पार्क, मरीन ड्राइव और शास्त्रीनगर सहित कई इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान लंबे समय से लंबित जनसुविधा से जुड़े कई कार्यों को पूरा करने पर सहमति बनी।
Kadma Development Works के तहत क्षेत्र में पार्क, जलाशय, ड्रेन, सड़क और स्ट्रीट लाइट से जुड़े कई लंबित कार्यों को पूरा करने पर सहमति बनी है।
दौरे के दौरान कदमा के नाना-नानी पार्क की मरम्मत और सौंदर्यीकरण करने का निर्णय लिया गया। नील सरोवर की सफाई के साथ हेजिंग का काम भी किया जाएगा। चंडी बाबा मंदिर से सती घाट तक पुराने ड्रेन की मरम्मत कराने पर भी सहमति बनी।
स्ट्रीट लाइट और सड़क मरम्मत पर भी बनी सहमति

शास्त्रीनगर से भाटिया पार्क तक खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत की जाएगी। जरूरत के अनुसार नई स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी। भाटिया पार्क से मरीन ड्राइव होते हुए रामनगर हाड़गोदाम तक भी लाइटों की मरम्मत और आवश्यकता के अनुसार नई लाइट लगाने का फैसला लिया गया।
रामनगर सात नंबर रोड में रजक समाज भवन के पीछे से पार्क होते हुए नदी की ओर जाने वाले ड्रेन की सफाई और मरम्मत भी की जाएगी। रामनगर चौक की सड़क की मरम्मत के साथ वहां यूरिनल बनाने का भी निर्णय लिया गया।
संयुक्त टीम ने साकची स्थित डायमंड शोरूम के पीछे सूख चुके पेड़ को हटाने का भी फैसला लिया। मंगलवार को टाटा स्टील यूआईएसएल और जदयू की टीम सोनारी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा करेगी।
गौरतलब है कि 6 अगस्त को सरयू राय के निर्देश पर जदयू का एक प्रतिनिधिमंडल टाटा स्टील यूआईएसएल के वरीय महाप्रबंधक आर.के. सिंह से मिला था। प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास और जनसुविधा से जुड़े कार्यों को पूरा कराने की मांग की थी। इसके बाद कंपनी की टीम ने जदयू प्रतिनिधिमंडल के साथ क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया।
दौरे में टाटा स्टील यूआईएसएल के सिविल विभाग से दुर्गादास मंडल और रणजीत कुमार, पब्लिक हेल्थ विभाग से डॉ. आलोक कुमार, हॉर्टिकल्चर विभाग से शिवेंद्र कुमार सहित बिजली, स्वच्छता और पेयजल विभाग के अधिकारी शामिल हुए। जदयू की ओर से सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, तारक मुखर्जी, मनोज सिंह, रविशंकर सिंह, शेषनाथ पाठक, दिनेश कुमार, देव कुमार, लक्ष्मण ठाकुर, विनोद सिंह और उषा यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।