Har Har Mahadev Seva Sangh Bhajan Sandhya: कालीमाटी रोड पर आज 26वीं भजन संध्या, मनोज तिवारी बहाएंगे भक्तिरस
जमशेदपुर: Har Har Mahadev Seva Sangh Bhajan Sandhya के तहत सावन की अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर सोमवार, 24 अगस्त को हर हर महादेव सेवा संघ की 26वीं भव्य वार्षिक भजन संध्या का आयोजन कालीमाटी रोड में किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक एवं कलाकार मनोज तिवारी अपनी प्रस्तुति से शिवभक्तों को भक्तिरस में सराबोर करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए संघ के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले आयोजन स्थल पहुंचे और पंडाल, मंच, विद्युत सज्जा, ध्वनि व्यवस्था, श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास, यातायात, पेयजल तथा प्रसाद वितरण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
भव्य पंडाल और बर्फ से निर्मित शिवलिंग आकर्षण का केंद्र

काले ने कहा कि हर हर महादेव सेवा संघ की भजन संध्या केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और सामाजिक एकजुटता का पर्व है। पिछले 25 वर्षों से चली आ रही परंपरा को इस वर्ष भी भव्य रूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की चरण धूलि में ही ईश्वर की कृपा है और आयोजन में आने वाले हर शिवभक्त की सुविधा एवं सुरक्षा संघ की प्राथमिकता है।
आयोजन स्थल पर विशाल वाटरप्रूफ पंडाल, अत्याधुनिक साउंड सिस्टम और आकर्षक विद्युत सज्जा की व्यवस्था की गई है। विशेष आकर्षण के रूप में बर्फ से निर्मित भव्य शिवलिंग भी श्रद्धालुओं के लिए तैयार किया गया है।
श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चाय और भोग-प्रसाद की निशुल्क व्यवस्था रहेगी। प्रवेश और निकास को सुगम बनाने के साथ बैठने की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है। स्वयंसेवकों को यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन, अनुशासन और प्रसाद वितरण समेत अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे समय पर आयोजन स्थल पहुंचें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोगी की भूमिका निभाएं। उन्होंने स्वयंसेवकों से भी पूरी निष्ठा और सेवा भावना के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
तैयारियों के निरीक्षण के दौरान संघ के संरक्षक बृजभूषण सिंह, जयप्रकाश राय, जितेंद्र चावला, पूर्व अध्यक्ष राजू मारवाह, जोगिंदर सिंह जोगी, वर्तमान अध्यक्ष सुखविंदर सिंह निक्कू, अखिलेश पांडे, राघवेंद्र शर्मा, महेंद्र सिंह, संदीप कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।