Ranchi Independence Day: मोरहाबादी मैदान में CM हेमंत सोरेन करेंगे ध्वजारोहण, ड्रोन पर रोक
रांची: Ranchi Independence Day के तहत 15 अगस्त को राजधानी के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन यहां ध्वजारोहण करेंगे। समारोह के दौरान आम लोगों को ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी।
रांची: JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितता को लेकर रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले करीब 21 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन के बीच 15 अगस्त को राजधानी के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन यहां ध्वजारोहण करेंगे।
समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर मोरहाबादी मैदान में आम लोगों को ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने संयुक्त ब्रीफिंग में बताया कि केवल विभाग की ओर से अधिकृत ड्रोन से ही समारोह की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की जा सकेगी।
समारोह में आने वाले सभी लोगों की सुरक्षा जांच की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कोई भी अवांछित व्यक्ति या आपत्तिजनक सामान समारोह स्थल में प्रवेश न कर सके। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है।
14 प्लाटून लेंगी परेड में हिस्सा

स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में अर्द्धसैनिक बलों, पुलिस, झारखंड जगुआर, होमगार्ड और एनसीसी की कुल 14 टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। इनमें CRPF, ITBP, SSB, CISF, ओडिशा पुलिस, झारखंड जगुआर, JAP-1, JAP-2, JAP-10, रांची जिला पुलिस की पुरुष और महिला टुकड़ी, झारखंड गृहरक्षा वाहिनी तथा NCC की गर्ल्स और बॉयज टुकड़ियां शामिल हैं।
समारोह में JAP-1, JAP-10 और झारखंड गृहरक्षा वाहिनी की बैंड पार्टियां भी अपनी प्रस्तुति देंगी।
ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव
स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए 15 अगस्त को राजधानी रांची की ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन कराने के लिए पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी, ताकि समारोह के दौरान यातायात सुचारू रहे और आम लोगों को परेशानी न हो।