Jharkhand Student Exam Reform: 8,500 से अधिक युवाओं ने दिए परीक्षा व्यवस्था सुधार के सुझाव

हेमंत सोरेन की छात्रों से परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव देने की अपील

रांची: Jharkhand Student Exam Reform को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के युवाओं से परीक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर अपने सुझाव लगातार देने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि “छात्रों की बात-छात्रों के साथ” अभियान के तहत अब तक झारखंड के 8,500 से अधिक युवा साथियों ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि OMR, परीक्षा कैलेंडर, स्कोरकार्ड, प्रश्नपत्र, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और तकनीक के बेहतर उपयोग समेत JPSC सहित दोनों आयोगों से संबंधित संवैधानिक दायरे में आवश्यक और जरूरी सुधारों को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव सरकार के पास आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल समस्याओं पर चर्चा करना नहीं, बल्कि परीक्षा व्यवस्था को वर्तमान पीढ़ी के अनुकूल बनाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी पारदर्शी, निष्पक्ष, सुरक्षित, विश्वसनीय और जवाबदेह व्यवस्था तैयार करना है।

युवाओं से सुझाव जारी रखने की अपील

हेमंत सोरेन ने झारखंड के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने सुझाव देना जारी रखें। उन्होंने कहा कि युवाओं का एक-एक सुझाव केवल आज की परीक्षा व्यवस्था में सुधार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राज्य के हजारों-लाखों युवाओं के बेहतर भविष्य के निर्माण में योगदान देगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार राज्य सरकार का अकेला प्रयास नहीं होगा, बल्कि यह झारखंड के युवा साथियों की जनभागीदारी से होने वाला सुधार होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं की सहभागिता से ही ऐसी व्यवस्था तैयार की जा सकती है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक भरोसेमंद और पारदर्शी हो।

अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने अभियान के नारे “छात्रों की बात… छात्रों के साथ…” को दोहराते हुए युवाओं से इस पहल से लगातार जुड़ने का आह्वान किया।

Share:

CROW News