Sidgora Jalabhishek Yatra: तीसरी सोमवारी पर 17 अगस्त को बारीडीह से निकलेगी भव्य यात्रा
जमशेदपुर: Sidgora Jalabhishek Yatra के तहत पवित्र श्रावण माह की तीसरी सोमवारी के अवसर पर आगामी 17 अगस्त को सूर्य मंदिर समिति, सिदगोड़ा के तत्वावधान में भव्य सामूहिक जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा बारीडीह हरि मंदिर मैदान से शुरू होकर सिदगोड़ा सूर्यधाम शिवालय पहुंचेगी। आयोजन को लेकर समिति की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में रघुवर दास ने जलाभिषेक यात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने यात्रा के मार्ग, श्रद्धालुओं की सहभागिता, जलाभिषेक, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, भक्ति कार्यक्रम, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक व्यवस्था सहित विभिन्न तैयारियों की जानकारी पदाधिकारियों से ली। साथ ही आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
रघुवर दास ने श्रद्धालुओं से 17 अगस्त, सोमवार को सुबह 7 बजे बारीडीह हरि मंदिर मैदान में पहुंचने की अपील की। यहां से शिवभक्त कतारबद्ध होकर सामूहिक रूप से सिदगोड़ा सूर्यधाम शिवालय के लिए प्रस्थान करेंगे।
सुल्तानगंज से आएगा उत्तरवाहिनी गंगा का जल

सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि जलाभिषेक यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में भक्ति गीत-संगीत, आकर्षक झांकियां और शिवभक्तों का उत्साह देखने को मिलेगा। भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए समिति की ओर से सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र गंगाजल लाने की विशेष व्यवस्था की गई है। इसी गंगाजल से शिवभक्त सूर्यधाम शिवालय में भगवान भोलेनाथ का सामूहिक जलाभिषेक करेंगे।
उन्होंने कहा कि गंगाजल से होने वाला यह सामूहिक जलाभिषेक श्रद्धालुओं को बाबा धाम जैसी आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करेगा।
काशी की तर्ज पर होगी भव्य महाआरती
समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि तीसरी सोमवारी की संध्या सिदगोड़ा सूर्यधाम में काशी के गंगा घाट की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। 17 अगस्त को शाम 6:30 बजे होने वाली इस विशेष महाआरती के लिए बनारस से 15 सदस्यीय प्रशिक्षित मंडली सिदगोड़ा सूर्यधाम पहुंचेगी।
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार जलाभिषेक यात्रा और महाआरती को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य विभिन्न स्तरों पर तैयारियों में जुटे हुए हैं।