Jharkhand Student Protest: विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज निंदनीय, संवाद से समाधान निकाले सरकार : सरयू राय
रांची/जमशेदपुर: Jharkhand Student Protest के दौरान विभिन्न मांगों के समर्थन में धरना और घेराव कर रहे झारखंडी विद्यार्थियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की घटना की जमशेदपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व मंत्री सरयू राय ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान पुलिस की लाठियों से नहीं, बल्कि संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए।
सरयू राय ने कहा कि सरकार को आंदोलनरत विद्यार्थियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए। उन्होंने बताया कि आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों ने उनसे बातचीत की है और उन्होंने उनकी समस्याओं एवं मांगों को विस्तार से सुना है। उनके अनुसार, विद्यार्थियों की कई मांगें जायज हैं और सरकार को उन पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
सरयू राय ने संवाद से समाधान निकालने की अपील की
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर आवाज उठाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। विशेष रूप से विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं को सरकार को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ सुनना चाहिए। ऐसी स्थिति में पुलिस बल का इस्तेमाल उचित नहीं है।
सरयू राय ने बताया कि आंदोलनरत विद्यार्थियों की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने जमशेदपुर से उनसे मिलने पहुंचे अपने सहयोगियों अमित शर्मा, नीरज सिंह, विवेक पाण्डेय और श्रवण पासवान से विद्यार्थियों की हरसंभव सहायता करने को कहा। उनके सहयोगी विद्यार्थियों की मदद के लिए आगे आए हैं और जयपाल सिंह स्टेडियम में आंदोलनरत विद्यार्थियों के बीच फर्स्ट एड बॉक्स, रात का भोजन, फल तथा अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं।

उन्होंने सरकार से अपील की कि वह तत्काल विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों से बातचीत शुरू करे और उनकी समस्याओं को सुने। उन्होंने कहा कि जो मांगें जायज हैं, उनके समाधान के लिए सरकार को ठोस पहल करनी चाहिए।
सरयू राय ने कहा, “बच्चों पर लाठी चलाने से किसी समस्या का समाधान नहीं होगा। संवाद से ही रास्ता निकलेगा। सरकार को विद्यार्थियों की आवाज सुननी चाहिए और उनके साथ संवेदनशीलता से पेश आना चाहिए।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह आंदोलनरत विद्यार्थियों के साथ हैं और उनकी जायज मांगों के लिए हरसंभव सहयोग करते रहेंगे।