आदित्यपुर में पुलिस का एक्शन, अड्डेबाजों, जुआरियों और नशेड़ियों के खिलाफ चला विशेष अभियान

आदित्यपुर थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाती पुलिस टीम

आदित्यपुर: आदित्यपुर पुलिस अभियान के तहत सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सोमवार देर शाम आदित्यपुर थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में अड्डेबाजों, जुआरियों, नशेड़ियों और संदिग्ध तत्वों के खिलाफ सघन कार्रवाई की गई।

पुलिस की बाइक गश्ती टीम ने बगानपाड़ा, गम्हरिया, कमारपाड़ा, स्टेशन रोड, लाल बिल्डिंग, राम मढ़ैया बस्ती, जयप्रकाश उद्यान, प्रभात पार्क, सालडीह बस्ती, शर्मा बस्ती, मांझी टोला और हरिओम नगर सहित कई संवेदनशील इलाकों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान पार्कों, मैदानों, चौक-चौराहों और सड़क किनारे अड्डेबाजी करने वाले लोगों की जांच की गई।

सार्वजनिक स्थानों पर की गई पूछताछ

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर बिना किसी उचित कारण के बैठे लोगों की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई। जुआ, शराबखोरी, नशाखोरी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने का निर्देश दिया गया।

आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान

पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से आगे भी थाना क्षेत्र में ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।

Share:

CROW News