आमबागान मैदान को नेताजी स्मारक एवं पर्यटन केंद्र बनाने की मांग, सरयू राय ने टाटा स्टील और डीसी को लिखा पत्र
जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शहर के ऐतिहासिक आमबागान मैदान सौंदर्यीकरण एवं इसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृतियों से जुड़े एक आधुनिक स्मारक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कॉरपोरेट सर्विसेज (वीपीसीएस) तथा पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया है।
📌 मुख्य बातें
- सरयू राय ने आमबागान मैदान के सौंदर्यीकरण की मांग उठाई।
- मैदान को नेताजी स्मारक एवं पर्यटन केंद्र बनाने का सुझाव।
- टाटा स्टील और जिला प्रशासन को पत्र भेजकर कार्रवाई का आग्रह।
- आधुनिक ऑडियो-विजुअल तकनीक से नेताजी के जीवन को प्रदर्शित करने का प्रस्ताव।
- योजनाबद्ध विकास से शहर की ऐतिहासिक पहचान और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद।
2014 से प्रस्ताव पर चल रही है पहल
सरयू राय ने कहा कि आमबागान मैदान शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में से एक है और इसका ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से 2019 के दौरान मंत्री रहते हुए उन्होंने इस मैदान का नाम बदलकर ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक मैदान’ करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा था। इस विषय पर शहर के नागरिकों के साथ बैठकें आयोजित की गईं, जिसके बाद योजना को स्वीकृति मिली और तत्कालीन जुस्को द्वारा इसके विकास का कार्य भी प्रारंभ किया गया। हालांकि वर्ष 2019 के बाद यह परियोजना अधूरी रह गई और आगे नहीं बढ़ सकी।
मैदान की वर्तमान स्थिति पर जताई चिंता
उन्होंने कहा कि वर्तमान में आमबागान मैदान की स्थिति चिंताजनक है। मैदान धीरे-धीरे कबाड़ रखने के स्थल और अनाधिकृत पार्किंग क्षेत्र में तब्दील होता जा रहा है। मैदान परिसर में स्थापित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के आसपास भी कबाड़ जमा रहने से न केवल स्थल की गरिमा प्रभावित हो रही है, बल्कि यह महान स्वतंत्रता सेनानी के सम्मान के भी प्रतिकूल है।
सौंदर्यीकरण को लेकर पहले भी हुई थी चर्चा
विधायक ने बताया कि लगभग आठ माह पूर्व उन्होंने टाटा स्टील के वीपीसीएस के साथ इस विषय पर विस्तृत चर्चा की थी। उस दौरान कंपनी ने मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए सिद्धांततः सहमति भी जताई थी। इसी क्रम में तत्कालीन उपायुक्त से भी उनकी बातचीत हुई थी और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद योजना पर अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी।
आधुनिक स्मारक एवं पर्यटन केंद्र बनाने का सुझाव
सरयू राय ने अपने पत्र में सुझाव दिया है कि आमबागान मैदान को आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्मारक परिसर के रूप में विकसित किया जाए। यहां आजादी के आंदोलन से लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस के रहस्यमय ढंग से लापता होने तक की ऐतिहासिक घटनाओं को अत्याधुनिक ऑडियो-विजुअल तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए, ताकि नई पीढ़ी नेताजी के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से प्रभावी ढंग से परिचित हो सके।
ऐतिहासिक पहचान और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने कहा कि यदि आमबागान मैदान का योजनाबद्ध तरीके से विकास कर नेताजी से जुड़ी स्मृतियों को संरक्षित किया जाता है, तो यह स्थल न केवल जमशेदपुर की ऐतिहासिक पहचान को नई मजबूती देगा, बल्कि शहर के प्रमुख पर्यटन आकर्षण के रूप में भी विकसित हो सकता है।
इस संबंध में सरयू राय ने टाटा स्टील के वीपीसीएस एवं पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को औपचारिक पत्र भेजकर आमबागान मैदान के सौंदर्यीकरण और विकास कार्य को अविलंब प्रारंभ कराने का अनुरोध किया है।