परसुडीह महिला हत्या: शादी के दबाव से परेशान आरोपी ने की हत्या, शव नहर में फेंका; गिरफ्तार

परसुडीह महिला हत्या मामले की जानकारी देते सिटी एसपी ललित मीणा

जमशेदपुर: परसुडीह महिला हत्या मामला का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि महिला लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर उसने उसकी हत्या कर शव को कलियाडीह नहर में फेंक दिया। मामले में पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त स्कूटी समेत कई सामान भी बरामद किए हैं।

📌 मुख्य बातें

  • कलियाडीह नहर से 26 जुलाई को मिला था महिला का शव।
  • पुलिस ने हत्या के आरोपी दासमत बास्के को गिरफ्तार किया।
  • आरोपी ने शादी के दबाव से परेशान होकर हत्या करने की बात स्वीकार की।
  • हत्या में प्रयुक्त स्कूटी और अन्य सामान बरामद।
  • पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा।

26 जुलाई को नहर से मिला था महिला का शव

सिटी एसपी ललित मीणा ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 26 जुलाई की सुबह करीब 8:20 बजे सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह नहर में एक महिला का शव पानी में तैर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

बाद में मृतका की पहचान किरण देवी (45), पति सुंदर प्रसाद, निवासी जुगसलाई बंगालीपाड़ा, राम मंदिर के समीप के रूप में हुई। मृतका के पुत्र घनश्याम सिंह के आवेदन पर यूडी केस दर्ज किया गया।

SIT जांच में आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों का विश्लेषण किया।

जांच के दौरान दासमत बास्के, निवासी छोटा बांदुआ (थाना पोटका), पर संदेह गहराया। इसके बाद 1 अगस्त को परसुडीह थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 238(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया।

शादी के दबाव से परेशान होने की बात स्वीकार

पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि मृतका लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी से परेशान होकर उसने उसकी हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को कलियाडीह नहर में फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना या आत्महत्या जैसा प्रतीत हो।

हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टीवीएस स्कूटी (JH05EF-3277), एक काला टी-शर्ट, गुलाबी रंग का बैग और बैंगनी रंग का छींटदार ट्राउजर बरामद किया है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Share:

CROW News