Telco Robbery Case: चापड़ दिखाकर युवक से 13 हजार रुपये की लूट, चेन छीनने की भी कोशिश
जमशेदपुर: Telco Robbery Case में टेल्को थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने सुनसान रास्ते पर एक युवक को चापड़ का भय दिखाकर 13 हजार रुपये लूट लिये। बदमाशों ने युवक के गले से चांदी की चेन छीनने की भी कोशिश की, लेकिन इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे कुछ लोगों के वहां पहुंच जाने से तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गये। तीनों एक ही बिना नंबर की बाइक पर सवार थे।
पीड़ित की पहचान गोलमुरी के 10 नंबर बस्ती निवासी हरमीत सिंह के रूप में हुई है। हरमीत नुवोको कंपनी में ठेकेदारी के तहत काम करता है। सोमवार को छुट्टी होने के कारण वह दोपहर करीब 2.45 बजे बाइक से कंपनी से अपने घर के लिए निकला था। रास्ते में टाटा पावर के पास स्थित एक एटीएम से उसने 13 हजार रुपये निकाले और बाइक से घर की ओर रवाना हो गया।
सुनसान रास्ते पर रोककर चापड़ दिखाया
तार कंपनी से रामाधीन बगान जाने वाले रास्ते पर पहुंचने के बाद एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। रास्ता सुनसान होने का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने हरमीत की गर्दन पर चापड़ सटा दिया और उसकी जेब में रखे पूरे 13 हजार रुपये निकाल लिये। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
रुपये लूटने के बाद बदमाशों ने हरमीत के गले में पहनी चांदी की चेन छीनने का प्रयास किया। इसी बीच रास्ते से कुछ लोग वहां पहुंच गये। लोगों को आते देख तीनों बदमाश घबरा गये और बिना नंबर वाली बाइक से नीलडीह सिग्नल की तरफ तेजी से भाग निकले।
हरमीत ने भी अपनी बाइक से बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गये। इसके बाद वह गोलमुरी थाना पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। गोलमुरी पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के बाद उसे टेल्को थाना क्षेत्र का मामला बताते हुए वहां शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा।
हालांकि देर शाम तक हरमीत की ओर से टेल्को थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं करायी गयी थी। इसके बावजूद घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को पुलिस ने अपने स्तर से मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास के इलाकों और संभावित रास्तों की जानकारी जुटा रही है।