जमशेदपुर: डिमना मेन रोड पर “सेलिब्रेशन” दुकान का शटर तोड़कर चोरी, ₹80 हजार नकद ले उड़े चोर
जमशेदपुर: मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र में डिमना मेन रोड स्थित एक ड्राई फ्रूट और फल की दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर रखे करीब 80 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।
सीसीटीवी के तार काटकर उड़ाए दो दिन की बिक्री के ₹80,000
जानकारी के अनुसार, ग्रीन वाटिका के पास स्थित “सेलिब्रेशन” नामक दुकान के संचालक अमित कुमार रविवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि शटर एक तरफ से टूटा हुआ है। अंदर जाने पर सीसीटीवी कैमरों के तार कटे मिले और गल्ले में रखे 80 हजार रुपये गायब थे।
अमित कुमार ने बताया कि शनिवार और रविवार को बैंक बंद रहने के कारण दो दिन की बिक्री की रकम दुकान में ही रखी गई थी। चोरी की सूचना मिलने पर पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
व्यस्ततम सड़क पर चोरी से हड़कंप, पूर्व भाजपा नेता ने जताई चिंता
सूचना पर उलीडीह थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
मौके पर पहुंचे विकास सिंह ने कहा कि शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल डिमना मेन रोड पर इस तरह शटर तोड़कर चोरी होना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।