Kadma Marine Drive Chhath Ghat: नदी में बहे युवक का शव 48 घंटे बाद बरामद, NDRF ने निकाला
जमशेदपुर: Kadma Marine Drive Chhath Ghat मामले में कदमा शास्त्रीनगर में नदी के तेज उफान में बहे 28 वर्षीय युवक का शव 48 घंटे के सघन खोज अभियान के बाद गुरुवार सुबह बरामद कर लिया गया। मरीन ड्राइव (रोड नंबर-5) स्थित छठ घाट के पास नदी किनारे झाड़ियों में फंसे शव को एनडीआरएफ की मदद से बाहर निकाला गया। परिजनों द्वारा शिनाख्त किए जाने के बाद कदमा पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
स्थानीय लोगों ने दी सूचना
गुरुवार सुबह छठ घाट के पास स्नान करने पहुंचे लोगों ने नदी किनारे झाड़ियों में एक शव अटका देखा। स्थानीय लोगों की सूचना पर कदमा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ की टीम को बुलाकर शव को सुरक्षित बाहर निकलवाया।
सामान शिफ्ट करने के दौरान हुआ था हादसा
18 अगस्त (मंगलवार) की देर रात शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में जलभराव के कारण टीपू अपने घर से घरेलू सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचा रहा था। इसी दौरान नदी के अचानक तेज हुए बहाव की चपेट में आकर वह बह गया।
घटना के वक्त मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तेज धार के आगे कोई उसे पकड़ नहीं सका और वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया।
48 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में एनडीआरएफ ने देर रात से ही व्यापक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था, जिसके दो दिन बाद सफलता मिली।