जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी में लाखों की बड़ी चोरी, घर का ताला तोड़ नकदी और जेवरात ले उड़े चोर
जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बागबेड़ा कॉलोनी स्थित गणेश पूजा मैदान के समीप एक घर में हुई बड़ी चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण समेत लाखों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
गणेश पूजा मैदान के पास राजा राव के घर को चोरों ने बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, बागबेड़ा कॉलोनी ब्लॉक संख्या-76/02/01, रोड नंबर-3 निवासी राजा राव के घर को चोरों ने निशाना बनाया। घटना का पता चलने पर परिवार के होश उड़ गए। चोरी की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया संतोष ठाकुर एवं समाजसेवी मुदिता सिंह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया तथा पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।
इधर सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।