Gudabanda Bike Theft Gang: तीन गिरफ्तार, 17 चोरी की बाइक और तीन मोबाइल बरामद
जमशेदपुर: Gudabanda Bike Theft Gang मामले में गुड़ाबांदा थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग इलाकों से चोरी की गई 17 मोटरसाइकिलें और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य जमशेदपुर शहर के अलावा आसपास के विभिन्न जिलों और थाना क्षेत्रों से बाइक व स्कूटी चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस के मुताबिक, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और वाहन चोरी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के ज्वालकट्टा स्थित हरिकीर्तन मंडप और मिलनवीथी हाई स्कूल के आसपास कुछ युवक चोरी की बाइक के साथ मौजूद हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल इलाके में पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को तीन वाहनों के साथ पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ और सत्यापन के दौरान पुलिस को वाहनों के चोरी के होने का संदेह हुआ। इसके बाद आरोपियों से पूछताछ की गई।
पूछताछ के बाद 17 चोरी की बाइक बरामद
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के समक्ष संगठित तरीके से विभिन्न थाना क्षेत्रों से बाइक और स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की और उनकी निशानदेही पर कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रभाष महाली, जयप्रकाश महाली उर्फ प्रकाश और सचिन महाली के रूप में हुई है। तीनों गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के चशोल हवेली डुगरीगोड़ा गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
तीन मोबाइल फोन भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की बाइक के अलावा एक एप्पल आईफोन, एक रेडमी और एक पोको स्मार्टफोन भी बरामद किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मोबाइल फोन भी चोरी के हैं या नहीं तथा वाहन चोरी के इस नेटवर्क में इनके अलावा और कितने लोग शामिल हैं।
बरामद वाहनों में अधिकांश हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें हैं। इसके अलावा पैशन प्रो और होंडा साइन समेत अन्य बाइक भी शामिल हैं। बड़ी संख्या में वाहन बरामद होने के बाद पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय रहा होगा।
रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर का सत्यापन जारी
फिलहाल पुलिस बरामद सभी वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस और इंजन नंबर का सत्यापन कर रही है। साथ ही अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से बरामद बाइक का मिलान किया जा रहा है, ताकि उनके वास्तविक मालिकों की पहचान की जा सके।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह चोरी की गई मोटरसाइकिलों को कहां खपाता था और इसके पीछे कोई खरीदार या अन्य नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था। बरामद वाहनों की संख्या को देखते हुए पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और चोरी के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। बरामद वाहनों के सत्यापन के बाद संबंधित वाहन मालिकों को भी इसकी जानकारी दी जाएगी।