Govindpur Road Accident: स्कूल बस ने 7 वर्षीय बच्ची को कुचला, मौत; दो घायल, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
जमशेदपुर: Govindpur थाना क्षेत्र के अन्ना चौक के पास शनिवार को एक दर्दनाक Road Accident में 7 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मृत बच्ची की पहचान भोला बागान निवासी रूही कुमारी (7) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रूही अपने परिवार के साथ अन्ना चौक के पास कार धुलवाने पहुंची थी। इसी दौरान एसडी पब्लिक स्कूल की बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे मौजूद लोगों को टक्कर मारते हुए रूही समेत तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में रूही गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं हादसे में रेहान (11) और रोशन शर्मा (21) घायल हुए हैं। दोनों का इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है। घायलों की स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
हादसे के बाद बस लेकर फरार हुआ चालक
घटना के बाद बस चालक मौके पर रुकने के बजाय बस लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस ने आसपास के थानों को बस की जानकारी देकर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने पीछा करते हुए हुरलुंग स्थित टेल्को बीएड कॉलेज के पास बस को रोक लिया।
पुलिस ने बस को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बच्ची की मौत के बाद सड़क पर उतरे लोग
हादसे की जानकारी मिलते ही अन्ना चौक और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। बच्ची की मौत से लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रिहायशी इलाके में तेज रफ्तार वाहनों और भारी वाहनों की आवाजाही से लगातार दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने, वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
फिलहाल पुलिस ने स्कूल बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।