जमशेदपुर: भालूबासा में जेएनएसी और जुस्को का बड़ा एक्शन, कोर्ट के आदेश पर तोड़ी गईं 6 अवैध दुकानें

जमशेदपुर के भालूबासा में अतिक्रमण हटाती जेएनएसी और जुस्को की टीम।

जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा गोलचक्कर के पास गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) और जुस्को की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीन से छह अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया।

वर्ष 2024 में अदालत में दायर याचिका पर आया फैसला

बताया गया कि स्थानीय निवासी अजय नाथ ने वर्ष 2024 में अदालत में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि उनके घर के सामने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से दुकानें बनाई गई हैं। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था।

पुलिस बल के साथ पहुंची प्रशासनिक टीम, विरोध के बावजूद चली जेसीबी

कोर्ट के आदेश के बाद गुरुवार को प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन ने अभियान जारी रखा।

जिन लोगों की दुकानें हटाई गईं, उनमें आशीष कुमार सोनकर, हरे कृष्णा पुथल, मनोज कुमार, संजय कुमार, शीतल और आरती शामिल हैं। प्रशासन ने कहा कि यह कार्रवाई अदालत के आदेश के तहत की गई है और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share:

CROW News