Sonari Civic Issues: सोनारी में सड़क जाम और अवैध निर्माण पर सर्वदलीय बैठक, नए मंच के गठन की तैयारी
जमशेदपुर: Sonari Civic Issues को लेकर सोनारी में सड़क जाम, अतिक्रमण, नक्शा विचलन और निर्माण से जुड़े मुद्दों पर नई राजनीतिक एवं सामाजिक बहस शुरू हुई है। एयरपोर्ट गोलचक्कर से लेकर दोमुहानी तक सड़क जाम की समस्या के साथ सोनारी के अलग-अलग हिस्सों में सड़क किनारे वाहनों के खड़े रहने और पर्याप्त पार्किंग के बिना भवन एवं दुकानें बनाए जाने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
सोनारी के तहसीलदार कार्यालय के समीप भी मुख्य सड़क पर गाड़ियां खड़ी रहने और पूरे क्षेत्र में नक्शा विचलन कर बिना पर्याप्त पार्किंग के घर एवं दुकान बनाने का चलन बढ़ने का दावा किया गया है। इसी बीच जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा को कागलनगर स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल के सामने सड़क पर खड़ी गाड़ियों और रोड नंबर 05 में प्लॉट संख्या 175 पर बन रही एक इमारत के मामले को लेकर सक्रिय होते देखा गया है। उनके अनुसार यह इमारत नक्शे के विपरीत बनाई जा रही है।
सर्वदलीय बैठक के बाद गैर-राजनीतिक मंच बनाने की तैयारी
इन्हीं दो मुद्दों को लेकर कल सोनारी स्थित निर्मल भवन में एक सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का नेतृत्व मुकुल मिश्रा ने सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में किया, न कि विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि के रूप में। मुकुल मिश्रा के फेसबुक पोस्ट के अनुसार, अब सोनारी में एक गैर-राजनीतिक मंच का गठन किया जाएगा, जो क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन करेगा।
सवाल यह है कि क्या ये दो मुद्दे इतने बड़े हैं कि विधायक के जनसुविधा प्रतिनिधि को इनके लिए अलग से मंच बनाकर आंदोलन करना पड़े? क्या संबंधित विभाग अब उनकी बात नहीं सुनते? या फिर इस पूरे मामले के पीछे कुछ और वजह है?
इस विषय पर जब मुकुल मिश्रा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस मंच में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोग शामिल होंगे, जो पूरे सोनारी की समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को अवगत कराएंगे और जरूरत पड़ने पर एकजुट होकर आंदोलन भी करेंगे।
मुकुल मिश्रा ने यह भी स्वीकार किया कि सोनारी में कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण सड़क जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इसके अलावा अवैध निर्माण भी धड़ल्ले से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोनारी में कई अन्य जनसमस्याएँ भी हैं, जिन्हें इस मंच के माध्यम से दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
सिर्फ कुछ मामलों पर फोकस या पूरे सोनारी की समस्याओं पर कार्रवाई?
मगर अब सवाल यह उठता है कि सोनारी में ऐसे कई निर्माणाधीन भवन हैं या ऐसे भवन पहले ही बन चुके हैं, जो स्वीकृत नक्शे के विपरीत हैं और जिनमें कई तरह की अनियमितताएँ हैं। क्या कभी विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने ऐसे मामलों की शिकायत संबंधित विभाग से की है? क्या इन समस्याओं को दूर करने के लिए उनके द्वारा विभागीय अधिकारियों के साथ पत्राचार किया गया है?
यदि सोनारी में अवैध निर्माण, अतिक्रमण, सड़क जाम और अन्य जनसमस्याएँ लंबे समय से मौजूद हैं, तो क्या पिछले डेढ़ वर्षों में इन्हें दूर करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं? क्या अब सर्वदलीय मंच के द्वारा ही इन समस्याओं का समाधान होगा?
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रस्तावित गैर-राजनीतिक मंच वास्तव में सोनारी की सभी जनसमस्याओं को समान रूप से उठाता है या फिर इसका फोकस कुछ चुनिंदा मामलों तक ही सीमित रहता है।