JNAC Flood Preparedness: बाढ़ की आशंका पर 9 राहत क्लस्टर तैयार, 24 घंटे सक्रिय रहेंगे 2 कंट्रोल रूम

जमशेदपुर में बाढ़ की आशंका को लेकर JNAC की राहत और बचाव तैयारियां

जमशेदपुर: JNAC Flood Preparedness के तहत मानसून के दौरान लगातार बारिश और डैमों से पानी छोड़े जाने के कारण सुवर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। नदी के तटीय और निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने की स्थिति में लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए राहत शिविर चिह्नित किए गए हैं। JNAC ने संवेदनशील इलाकों को अलग-अलग क्लस्टरों में बांटकर अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी तय कर दी है।

JNAC की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार पार्वती घाट, सुंदरी बस्ती और कोडिया बस्ती क्षेत्र के लोगों के लिए सरदार माधव सिंह विद्यालय, साउथ पार्क को राहत शिविर के रूप में चिन्हित किया गया है। इस क्षेत्र की जिम्मेदारी नगर मिशन प्रबंधक सलील तिर्की को नोडल पदाधिकारी के रूप में दी गई है।

इसी तरह शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-1 से 3 के लिए करीमिया स्कूल, महिला ट्रेनिंग सेंटर और हिंद क्लब को राहत व्यवस्था से जोड़ा गया है। वहीं शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-4 से 5 के लिए निर्मल सेवा सदन, शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-03, महिला ट्रेनिंग सेंटर (तरुण संघ), कदमा और हिंद क्लब को राहत शिविर के रूप में चिह्नित किया गया है।

JNAC की तैयारियों में निर्मलनगर, कल्याणनगर, छायानगर, भुईयांडीह, कान्हु भट्टा और बागती बस्ती जैसे संवेदनशील इलाकों को भी शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

9 क्लस्टरों में बांटे गए संवेदनशील इलाके

बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए JNAC ने संभावित प्रभावित क्षेत्रों को कुल 9 क्लस्टरों में बांटा है। इनमें—

  1. पार्वती घाट क्लस्टर
  2. शास्त्रीनगर क्लस्टर
  3. प्रतिमानगर-भाटिया बस्ती-रामजनमनगर क्लस्टर
  4. बागे बस्ती-ग्रीन पार्क-श्यामनगर-रामनगर क्लस्टर
  5. रूपनगर-जाहिरा कॉलोनी क्लस्टर
  6. बाबुडीह-बागुनहातु क्लस्टर
  7. बारीडीह तटीय क्षेत्र क्लस्टर
  8. निर्मलनगर-कल्याणनगर क्लस्टर
  9. छायानगर-कान्हु भट्टा-बागती बस्ती क्लस्टर

शामिल हैं। प्रत्येक क्लस्टर के लिए नोडल पदाधिकारी और विशेष पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है, ताकि आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी तरह की देरी न हो।

24 घंटे सक्रिय रहेंगे दो कंट्रोल रूम

बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और आपात सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के लिए JNAC ने दो कंट्रोल रूम बनाए हैं। पहला कंट्रोल रूम जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति कार्यालय में और दूसरा तरुण संघ, ब्लॉक नंबर-4, शास्त्रीनगर, कदमा में बनाया गया है।

JNAC कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी नगर प्रबंधक ज्योति पुंज को दी गई है। वहीं तरुण संघ स्थित कंट्रोल रूम के नोडल पदाधिकारी नगर प्रबंधक जॉय गुड़िया बनाए गए हैं। दोनों कंट्रोल रूम में अलग-अलग शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिससे 24 घंटे निगरानी और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

तीन दिन में तैयार होगी संभावित प्रभावित घरों की सूची

JNAC के आदेश में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि आदेश जारी होने की तिथि से तीन दिनों के भीतर अपने-अपने क्षेत्र में संभावित बाढ़ से प्रभावित होने वाले घरों का विस्तृत सर्वे कर सूची तैयार करें। सूची में प्रभावित होने की आशंका वाले घरों का विवरण तैयार कर वरीय अधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा गया है।

इसके अलावा राहत शिविरों के आसपास मौजूद सरकारी और निजी स्कूलों तथा महाविद्यालयों के भवनों को आवश्यकता पड़ने पर राहत कार्यों के लिए इस्तेमाल करने की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया है।

लगातार होगी माइकिंग, जरूरत पर कराया जाएगा इलाका खाली

बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में लोगों को समय रहते सतर्क करने के लिए लगातार माइकिंग कराने का निर्देश दिया गया है। जलस्तर तेजी से बढ़ने या बाढ़ का खतरा उत्पन्न होने की स्थिति में प्रभावित इलाकों को खाली कराने और लोगों को चिन्हित राहत शिविरों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

JNAC की ओर से की गई यह तैयारी सुवर्णरेखा और खरकई नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि तथा नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाली आबादी को ध्यान में रखते हुए की गई है। अधिकारियों और कर्मचारियों की क्लस्टरवार तैनाती, राहत शिविरों की पहचान और 24 घंटे संचालित होने वाले कंट्रोल रूम के जरिए प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव व्यवस्था तैयार रखने का प्रयास किया है।

Share:

CROW News