Bidar ATM Van Robbery Arrest: 93 लाख की लूट और हत्या के दो आरोपी वैशाली से गिरफ्तार, सोनारी में रहता था मुख्य आरोपी

बीदर ATM कैश वैन लूट और हत्या मामले में सोनारी पहुंचे कर्नाटक पुलिस के अधिकारी

जमशेदपुर: Bidar ATM Van Robbery Arrest मामले में कर्नाटक के बीदर शहर में करीब 93 लाख रुपये की एटीएम कैश वैन लूट और हत्या के मामले में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को कर्नाटक पुलिस ने बिहार के वैशाली जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित परदेशीपाड़ा लेकर पहुंची, क्योंकि दोनों यहां किराये के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलोक कुमार उर्फ अंबानी और अमन सिंह के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले बताए गए हैं। मंगलवार सुबह कर्नाटक पुलिस की टीम दोनों को लेकर सोनारी के परदेशीपाड़ा पहुंची। यहां पुलिस ने उनके ठिकाने की जांच की और एक बाइक की टंकी से दो जिंदा गोलियां समेत कई दस्तावेज बरामद किए। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से दो पिस्टल भी बरामद हुई हैं।

कर्नाटक पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बिहार में करीब 20 दिनों तक डेरा डाला था। पुलिसकर्मियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए धार्मिक तीर्थयात्रियों का भेष भी धारण किया था। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के जमशेदपुर में रहने की जानकारी मिली थी।

16 जनवरी 2025 को हुई थी 93 लाख की लूट

बीदर ATM कैश वैन लूट और हत्या मामले में सोनारी पहुंचे कर्नाटक पुलिस के अधिकारी
बीदर ATM कैश वैन लूट और हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपियों के सोनारी स्थित ठिकाने की जांच करती कर्नाटक पुलिस।

बीदर के शिवाजी चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा के एटीएम के बाहर 16 जनवरी 2025 को कैश वैन पहुंची थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने कैश वैन टीम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। गोलीबारी में कैश कस्टोडियन वेंकटेश की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य गार्ड गंभीर रूप से घायल हुआ था।

वारदात के बाद बदमाश कैश वैन से करीब 93 लाख रुपये से भरा ट्रंक लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद बीदर पुलिस की विशेष टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

जांच में पुलिस को आरोपियों के उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर और तेलंगाना के हैदराबाद में भी लूट और फायरिंग की कई घटनाओं में शामिल होने की जानकारी मिली है। अब कर्नाटक पुलिस जमशेदपुर में उनके ठिकाने और बरामद सामान के संबंध में भी जांच कर रही है।

Share:

CROW News