Operation Muskaan Jamshedpur: पुलिस ने 271 मोबाइल लौटाए, अब तक 3205 फोन बरामद

ऑपरेशन मुस्कान के तहत बरामद मोबाइल फोन उनके धारकों को सौंपते जमशेदपुर पुलिस अधिकारी

जमशेदपुर: Operation Muskaan Jamshedpur के तहत गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर जमशेदपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को साकची स्थित रविंद्र भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने अभियान के दसवें चरण में बरामद किए गए 271 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक ने की। इससे पहले ऑपरेशन मुस्कान के नौ चरणों में पुलिस 2936 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटा चुकी है। दसवें चरण में 271 मोबाइल की बरामदगी के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 3205 मोबाइल फोन हो गया है।

CEIR पोर्टल की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को भारत सरकार के Central Equipment Identity Register (CEIR) पोर्टल के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में उसके IMEI नंबर के आधार पर CEIR पोर्टल के जरिए फोन को ब्लॉक कराया जा सकता है। इससे मोबाइल की बरामदगी की प्रक्रिया में भी मदद मिलती है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को CEIR पोर्टल का प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करने और गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मोबाइल वापस पाकर खिले चेहरे

ऑपरेशन मुस्कान के तहत बरामद मोबाइल फोन उनके धारकों को सौंपते जमशेदपुर पुलिस अधिकारी
साकची के रविंद्र भवन में ऑपरेशन मुस्कान के तहत बरामद 271 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए।

लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर कई लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। पुलिस के इस अभियान से लोगों में भरोसा बढ़ा है कि गुम या चोरी हुए मोबाइल की शिकायत के बाद तकनीकी माध्यमों की मदद से उनकी बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था, पुलिस उपाधीक्षक नगर, पुलिस उपाधीक्षक यातायात समेत पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न थाना प्रभारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share:

CROW News