Health Update: Saryu Roy ने स्वास्थ्य को लेकर दी जानकारी, बोले- वायरल संक्रमण था, अब पहले से बेहतर हूं

स्वास्थ्य को लेकर जानकारी देते विधायक सरयू राय

रांची: Saryu Roy स्वास्थ्य अपडेट को लेकर सामने आ रही चर्चाओं के बीच विधायक सरयू राय ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि उन्हें वायरल संक्रमण और लगातार व्यस्त कार्यक्रमों के कारण अत्यधिक थकान हो गई थी। फिलहाल उनकी हालत में काफी सुधार है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

उन्होंने बताया कि 1 और 2 अगस्त को जमशेदपुर में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद 3 अगस्त को भी उन्होंने टेल्को, गोविंदपुर, तारापुर और डुमा में आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लिया। लगातार दौरे और व्यस्तता के बीच 4 अगस्त को वे विधानसभा की समिति की बैठक के लिए रांची पहुंचे, जहां उन्हें अधिक थकान महसूस हुई।

डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में कराया गया भर्ती

इसके बाद उन्होंने चिकित्सकों से परामर्श लिया। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें क्यूरेस्टा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां दो दिनों तक विभिन्न चिकित्सीय जांच और उपचार किया गया। वर्तमान में उन्हें अस्पताल के निजी कक्ष में रखा गया है और चिकित्सकों के अनुसार जल्द ही उन्हें छुट्टी मिल सकती है।

गंभीर बीमारी की खबरों का किया खंडन

सरयू राय ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के अस्पताल आने के बाद यह खबर फैल गई कि वे गंभीर रूप से बीमार हैं, जबकि ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि वे अब स्वयं को स्वस्थ महसूस कर रहे हैं और जल्द ही अपनी सामान्य दिनचर्या में लौटेंगे।

उन्होंने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों से अपील की है कि वे फिलहाल अस्पताल में उनसे मिलने न आएं। उनका कहना है कि पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद वे सभी से मुलाकात करेंगे।

Share:

CROW News